Unnao road वैकल्पिक रास्ता नहर के पानी से ढहा दो जिलों का आवागमन ढप
डायवर्जन से वैकल्पिक रास्ते से वाहन निकलने को मजबूर
उन्नाव। हरदोई-उन्नाव मार्ग पर दोस्तीनगर के पास शारदा नहर उन्नाव ब्रांच पर निर्माणाधीन पुलिया के चलते बनाया गया वैकल्पिक रास्ता मंगलवार रात नहर में पानी आने से ढह गया। इससे दोनों जिलों के बीच यातायात पूरी तरह ठप हो गया और कई जिलों से आने-जाने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस ने चकलवंशी चौराहे से रूट डायवर्जन लागू कर दिया, जबकि छोटे वाहन कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचे।
बताया गया कि यहां पहले सकरी पुलिया होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी। समस्या के समाधान के लिए लोकनिर्माण विभाग ने 12 मीटर चौड़ी नई पुलिया के निर्माण को मंजूरी दी थी। करीब पंद्रह दिन पहले ठेकेदार ने एक ओर पाइप डालकर वैकल्पिक मार्ग तैयार किया और निर्माण कार्य शुरू कराया। दूसरी ओर बिना पाइप डाले पुरानी पुलिया का मलबा डालकर अस्थायी रास्ता बना दिया गया था, जिससे मार्ग पहले से ही संकरा हो गया था।
मंगलवार को नहर में अचानक पानी छोड़े जाने से पुलिया के पास जल निकासी नहीं हो सकी और पानी ओवरफ्लो होकर वैकल्पिक मार्ग को बहा ले गया। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई वाहन वहां नहीं फंसा। मार्ग बाधित होने से लोकनिर्माण विभाग में हड़कंप मच गया और माखी नहर कोठी से पानी बंद कराया गया।
अधिशासी अभियंता कमलेश कुमार ने बताया कि दो जेसीबी और एक क्रेन की मदद से पाइप डालकर वैकल्पिक मार्ग की मरम्मत तेजी से कराई जा रही है। जल्द ही आवागमन सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?