Unnao Holi जवाबी फाग में गायकों ने बांधा समा
वीररस, भक्ति रस, श्रंगार रस और पर्यावरण संरक्षण के होली गीत सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया
उन्नाव। होली के पावन अवसर पर ब्लाक सफीपुर क्षेत्र के फिरोजपुर कलां गांव में पारंपरिक जवाबी फाग का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के साथ-साथ बाहर से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। लगभग पचास गायकों ने भाग लेकर आजादी, भक्ति, वीर रस, श्रृंगार रस और पर्यावरण संरक्षण जैसे विविध विषयों पर फाग प्रस्तुत की। देर रात तक चले इस आयोजन में श्रोताओं की भारी भीड़ जुटी रही।
कार्यक्रम का आयोजन फिरोजपुर कलां निवासी अखिलेश कुमार द्वारा कराया गया। जवाबी फाग की परंपरा के तहत दो दलों ने बारी-बारी से छंद, सोरठा और लोकधुनों पर आधारित फाग गायन प्रस्तुत किया। गायकों ने अपनी सशक्त आवाज और पारंपरिक शैली से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
लखनऊ टीम से अमित कुमार, राजकुमार, संतोष, रामसुचित, मिथलेश और कमल ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी। वहीं उन्नाव जनपद के विभिन्न गांवों से आए राजेश यादव, दिनेश यादव, रामचरन, मुनीम, अंशुल यादव, देवीदीन, बुद्धू तिवारी और कृष्णावतार सहित अन्य कलाकारों ने भी शानदार गायन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने देशभक्ति से ओतप्रोत फाग के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया, तो वहीं भक्ति रस से सराबोर प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रृंगार रस की फाग ने होली के उल्लास को और बढ़ाया, जबकि पर्यावरण संरक्षण पर आधारित गीतों ने लोगों को प्रकृति बचाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर आयोजक समिति के रामजीवन, सुखवीर, संजय, सत्यराम सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह और सौहार्द का वातावरण बना रहा।
महेश राजपूत की रिपोर्ट
What's Your Reaction?