Up Lodhi अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा का स्थापना दिवस संपन्न

कार्यक्रम में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य और सांसद साक्षी महाराज नै सम्बोधित किया

Dec 15, 2025 - 17:41
 0  28
Up Lodhi अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा का स्थापना दिवस संपन्न

अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा का स्थापना दिवस धूमधाम से संपन्न

लखनऊ। अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा का स्थापना दिवस सोमवार को लखनऊ के गोमती नगर स्थित सिटी मांटेसरी स्कूल के सभागार में भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई केंद्रीय व प्रदेश स्तरीय नेता मौजूद रहे। समारोह में हजारों की संख्या में लोधी समाज के लोग एकत्र हुए और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, सांसद डॉ. सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज और संगठन के संरक्षक राजवीर सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में लोधी समाज से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकता में निहित है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह को महान राष्ट्रभक्त और रामभक्त बताया तथा कहा कि उनका योगदान देश और प्रदेश के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि कल्याण सिंह जैसा साहसी और सिद्धांतों पर चलने वाला नेता न पहले कभी हुआ और न भविष्य में होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए बाबरी मस्जिद ढहाए जाने की पूरी जिम्मेदारी लेते हुए त्यागपत्र देकर कल्याण सिंह ने पूरे विश्व को चौंका दिया था। ब्रजेश पाठक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कल्याण सिंह को भारत रत्न देने और स्वामी ब्रह्मानंद के नाम पर विश्वविद्यालय का नामकरण किए जाने का आश्वासन भी दिया।

सांसद मुकेश राजपूत ने संगठन के इतिहास, उद्देश्य और सामाजिक गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने संगठन के विस्तार की घोषणा करते हुए महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नीता सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में आनंद तथा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अक्षय लोधी की नियुक्ति की।

सांसद डॉ. सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज ने अपने प्रभावशाली संबोधन में कहा कि यदि अधिकार मांगने से न मिलें तो उन्हें छीनने का साहस भी समाज में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोधी समाज को राजनीति में उचित हिस्सेदारी मिलनी चाहिए और इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि लोधी समाज के बिना कोई भी सरकार बनना संभव नहीं है। अपने संबोधन का समापन उन्होंने “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ किया।

कार्यक्रम में संगठन के संरक्षक राजवीर सिंह (राजू भैया), शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, विधायक चंद्रभान, सांसद घनश्याम लोधी, छोटेलाल वर्मा, कैलाश राजपूत, साहब सिंह, सौरभ वर्मा, देवेंद्र सिंह, हरिओम वर्मा, सीपी सिंह, वीरेंद्र सिंह, महेश नरवरिया सहित अनेक सांसद, विधायक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्थापना दिवस समारोह ने लोधी समाज में नई ऊर्जा और राजनीतिक चेतना का संचार किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

welive24 ​Welive24 is an Indian digital news platform operating under the tagline “Your Local Rajdoot.” It focuses on delivering timely and comprehensive coverage of local news, particularly in Uttar Pradesh, with an emphasis on cities like Unnao, Kanpur, and Lucknow.​