Unnao crime मालगाड़ी से कट कर किसान की मौत
किसान मवेशी चराने गया था ट्रेन की चपेट में आ गया
उन्नाव।
माखी थाना क्षेत्र में गुरुवार को मवेशी चराने गए एक किसान की ट्रेन की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
मोहल्ला जालिम खेड़ा निवासी जालिपा पाल (52) पुत्र जोध्यी खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार अपराह्न करीब तीन बजे वह गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर मवेशी चराने गए थे। इसी दौरान कानपुर से बालामऊ की ओर जा रही मालगाड़ी जब कोरारी कलां के मजरा पारा गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर पहुंची, तभी पटरी पर आए गोवंश को हटाने के प्रयास में किसान ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसे में उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना को देख रहे चरवाहों ने तुरंत कोरारी कलां के प्रधान पुत्र राधेश्याम को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर माखी थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरपीएफ के हेड कांस्टेबल अनवर हुसैन ने रेलवे की आवश्यक कार्रवाई की।
किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के सभी बच्चों की शादी हो चुकी है।
What's Your Reaction?