Unnao news सांसद साक्षी महाराज का धूमधाम हर्ष उल्लास के साथ जन्म दिन मनाया
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री, डिप्टी सीएम, विधायक सहित हजारों लोगों ने बधाई दी
उन्नाव।
उन्नाव लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय फायर ब्रांड सांसद डॉ. सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज का जन्मदिवस सोमवार, 12 जनवरी 2026 को बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। हरदोई रोड स्थित अरोरा रिसोर्ट में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जनसमर्थन का विशाल सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही सांसद को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा और पूरा आयोजन स्थल फूलों, नारों और उत्साह से गूंजता रहा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा, विभिन्न जनप्रतिनिधि, विधायकगण तथा हजारों की संख्या में कार्यकर्ता व आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सांसद साक्षी महाराज को फूल-मालाएं पहनाकर दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों, जयकारों और पुष्पवर्षा के साथ अपने लोकप्रिय नेता का भव्य स्वागत किया।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सांसद साक्षी महाराज के जनसेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव राष्ट्रहित और जनहित को सर्वोपरि रखा है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक विजय दिलाने की अपील की। सपा के मुखिया पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग जनता को गुमराह कर सत्ता का दुरुपयोग करते थे, आज वे जनता के आशीर्वाद से सत्ता से दूर होते जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा ने भी सांसद को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साक्षी महाराज उन्नाव ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने संगठन और सरकार के बीच सेतु बनकर विकास की गति को और तेज किया है।
सांसद साक्षी महाराज ने सभी अतिथियों और जनसमर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का प्रेम और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि उन्नाव के विकास के लिए वे निरंतर संघर्षरत रहेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर सदर विधायक पंकज गुप्ता, भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ला, सफीपुर विधायक बंबालाल दिवाकर, पुरवा विधायक अनिल सिंह, बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार, ब्रजेश रावत, देवेंद्र सिंह लोधी, राजेश राजपूत, धर्मेंद्र लोधी, राधेश्याम लोधी सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं नागरिक मौजूद रहे।
पूरा कार्यक्रम राजनीतिक जोश, जनविश्वास और उत्सव के रंग में रंगा रहा, जिसने आने वाले चुनावी माहौल की झलक भी दिखा दी।
What's Your Reaction?